बिहार चुनाव की सरगर्मी के बीच भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के राजनीतिक कदमों से ज्यादा उनके निजी जीवन की चर्चा हो रही है। बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच उनकी पत्नी ज्योति सिंह ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। यह विवाद अब केवल पारिवारिक नहीं रहा, बल्कि सार्वजनिक और राजनीतिक रंग भी ले चुका है।
ज्योति सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उनके और पवन सिंह के रिश्ते में दरार एक ऑडियो मैसेज के कारण आई थी। इस मैसेज में उनके चरित्र पर सवाल उठाए गए थे, जिसे सुनकर पवन सिंह ने उनसे दूरी बना ली। उन्होंने कहा कि पवन सिंह ने उस मैसेज पर आंख मूंदकर विश्वास किया और सच्चाई जानने की कोशिश तक नहीं की।
शादी के बाद से ही दोनों के रिश्तों में तनाव की शुरुआत हो गई थी। साल 2018 में शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। साल 2021 में पवन सिंह ने आरा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। इसके जवाब में ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जबरन गर्भपात की दवाएं देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
ज्योति सिंह ने भावुक होकर कहा, “मेरे पिता जी ने कहा था कि आपकी शादी एक स्टार से हो रही है, इसलिए आपको समझौता करना होगा। मैंने बहुत कुछ देखा और सहा, लेकिन अब चुप नहीं रह सकती।”
यह विवाद ऐसे समय पर सामने आया है जब पवन सिंह के राजनीतिक करियर की नई शुरुआत की चर्चा हो रही है। ऐसे में यह मामला उनके सार्वजनिक छवि और राजनीतिक भविष्य पर भी असर डाल सकता है।
आपका क्या मानना है? क्या निजी विवादों का असर सार्वजनिक जीवन पर पड़ना चाहिए? नीचे कमेंट कर अपनी राय जरूर साझा करें।